कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आसन्न विधानसभा चुनावों को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने अपने प्रचार अभियान को तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी अगले सप्ताह से पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर जनसंपर्क और प्रचार अभियान शुरू करने जा रही है। सूत्रों के अनुसार, तृणमूल ने अपने पक्ष को मजबूती से रखने के लिए लगभग 40 नेताओं की एक विशेष टीम तैयार की है, जिसे “स्पेशल 40” नाम दिया गया है।
यह टीम राज्य स्तर पर पार्टी के वक्ता के रूप में सक्रिय रहेगी और विभिन्न मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखेगी। टीम में सांसद, मंत्री, छात्र संगठन तथा युवा संगठन के नेता और आइटी सेल के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा प्रत्येक जिले में दो से चार स्थानीय वक्ताओं की नियुक्ति की जाएगी, ताकि जमीनी स्तर पर संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
यह अभियान चुनावी तैयारियों का हिस्सा है, जिसमें पार्टी अपनी उपलब्धियों और नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर देगी। प्रमुख मुद्दों में केंद्र सरकार पर मनरेगा और आवास योजनाओं के लिए पर्याप्त धन न देने का आरोप, साथ ही राज्य सरकार की लक्ष्मी भंडार और युवासाथी जैसी सामाजिक योजनाओं का प्रचार शामिल होगा। चुनाव की घोषणा होते ही तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है और पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
