समाचार मिर्ची

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले कब्रिस्तान को पैसा मिलता था, अब मंदिर संवर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए अयोध्या का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस अयोध्या में जाने पर पहले पुलिस की लाठियां-गोलियां और सरकार की प्रताड़ना मिलती थी तथा दुर्व्यवस्था थी, आज वह दुनिया की सुंदरतम नगरी बन गई है। वहां भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया है। इस सरकार में मां विंध्यवासिनी मंदिर भी भव्य रूप से बन गया है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के 1500 मंदिरों को धनराशि देकर सुंदरीकरण कराया गया है, जिससे आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है। पहले मंदिरों को सुविधाएं नहीं मिलती थीं, जबकि पैसा कब्रिस्तान को दिया जाता था। उन्होंने कहा कि हमें मंदिर प्यारे हैं, इसलिए हम मंदिरों को पैसा दे रहे हैं। जिसको जो प्यारा होता है, वह वही करता है।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार बुलेट ट्रेन की स्पीड से चल रही है। पंक्चर वाली साइकिल इसका मुकाबला कभी नहीं कर पाएगी। डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड से चल रही है, इसलिए साइकिल का पंक्चर हमेशा धराशायी रहेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version