नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में खरीफ फसलों की बुआई हो चुकी है या तैयारी चल रही है। तेज बारिश से छोटे पौधे खराब हो सकते हैं, जिससे किसानों की मेहनत प्रभावित होने का खतरा है।
हम आपको बता दें कि, यह समय किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि धान की रोपाई, सोयाबीन, मक्का, कपास तथा दलहनी-तिलहनी फसलों के विकास का दौर चल रहा है। पौधों को नमी की जरूरत होती है, लेकिन खेतों में कई दिनों तक पानी जमा रहने से जड़ें गल सकती हैं और फसल नष्ट हो सकती है। साथ ही भारी बारिश से मिट्टी की ऊपरी परत के पोषक तत्व बह जाते हैं, जिससे फसलें पीली पड़ने लगती हैं।
यहां अंत में बताते चले कि, मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की तैयारी करनी चाहिए। खेतों के चारों ओर गहरी नालियां बनाएं ताकि पानी तुरंत निकल सके, खासकर सब्जी और दलहन की फसलों में पानी जमा नहीं होना चाहिए। इस दौरान खेत में किसी भी प्रकार का खाद, उर्वरक या कीटनाशक न डालें क्योंकि बारिश में ये बह जाएंगे।बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मूसलाधार बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी भारी बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के ऊपर हवा का गहरा दबाव बन रहा है, जिसके कारण तेज बारिश होने की उम्मीद है।
