लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव (38) का निधन हो गया है। प्रतीक यादव को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव तथा उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के छोटे बेटे थे। वे अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। वे भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति भी थे। बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी और इलाज चल रहा था।
प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही यादव परिवार और समाजवादी पार्टी के समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके शव का पोस्टमार्टम लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया जा रहा है।अखिलेश यादव ने पोस्टमार्टम हाउस से निकलने के बाद भावुक बयान देते हुए प्रतीक को ‘बहुत अच्छा लड़का’ बताया। उन्होंने कहा कि प्रतीक अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक थे और बिजनेस में व्यस्त रहते थे। अखिलेश ने परिवार की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि पूरा परिवार इस दुख की घड़ी में साथ खड़ा है।
फिलहाल परिवार की ओर से अंतिम संस्कार की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। माना जा रहा है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां की जाएंगी। समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन सतर्क बना हुआ है।
प्रतीक यादव के निधन से न केवल यादव परिवार बल्कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भी गहरा सदमा पहुंचा है। राजनीतिक गलियारों में इस दुखद खबर की चर्चा पूरे दिन होती रही। उनके निधन को एक ऐसे व्यक्ति की विदाई के रूप में देखा जा रहा है, जिसने राजनीति से दूर रहते हुए भी अपने परिवार और सामाजिक पहचान के कारण लोगों के बीच खास स्थान बनाया।
