मुंबई। टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ में हाई-वोल्टेज ड्रामा जारी है। नये प्रोमो में दिखाया गया है कि अनुपमा की जिंदगी में मुसीबतों का नया दौर शुरू होने वाला है। एक तरफ मकान मालिक ने उसे घर खाली करने के लिए सिर्फ दो दिन की मोहलत दी है, वहीं गौतम और वसुंधरा उसके रेस्टोरेंट को बर्बाद करने की साजिश रच रहे हैं।
कहानी में अनुपमा दिग्विजय के साथ रेस्टोरेंट में भविष्य की योजनाओं पर चर्चा कर रही होती है। तभी मकान मालिक आता है और बताता है कि उसे नया किराएदार मिल गया है जो ज्यादा किराया दे रहा है। वह अनुपमा को घर खाली करने का आदेश देता है। अनुपमा दो दिन का समय मांगती है, लेकिन यह खबर उसके लिए सदमा बन जाती है।
दूसरी ओर गौतम गुंडों को भेजकर अनुपमा के रेस्टोरेंट को नुकसान पहुंचाने की तैयारी करता है। प्रोमो में एक नकाबपोश व्यक्ति रात में रेस्टोरेंट में घुसकर गैस पाइपलाइन काटता दिखाया गया है। बापूजी को शक होता है और वे जांच करने जाते हैं। अनुपमा भी वहां पहुंच जाती है। अचानक लाइट चली जाती है, गैस की गंध फैलती है और उन्हें अंदर बंद कर दिया जाता है।
चीख-पुकार सुनकर दिग्विजय वहां पहुंचता है और दरवाजा तोड़कर बचाने की कोशिश करता है। इस दौरान बापूजी बुरी तरह घायल होकर गिर पड़ते हैं। अब यह देखना होगा कि अनुपमा इस संकट से कैसे निकलती है।
