नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। असम, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। तमिलनाडु में एक चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे—पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने यह जानकारी दी। इन चुनावों में कुल 824 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा और लगभग 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 25 लाख मतदान कर्मी तैनात रहेंगे।
असम में 126, केरल में 140, पुडुचेरी में 30, तमिलनाडु में 234 और पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटें हैं। इन विधानसभाओं का कार्यकाल मई-जून 2026 में समाप्त हो रहा है। चुनाव तिथियों के ऐलान के साथ ही इन सभी जगहों पर आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
चुनाव तिथियों की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद सरकार और राजनीतिक दलों को चुनाव आयोग के नियमों का पालन करना अनिवार्य होता है। इस दौरान सरकारें नई योजनाओं की घोषणा नहीं कर सकतीं और सरकारी संसाधनों का उपयोग चुनाव प्रचार के लिए नहीं किया जा सकता। चुनाव आयोग इस अवधि में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कदम उठाता है।
