पटना। बिहार में 2026 के पंचायत आम चुनावों में महत्वपूर्ण बदलाव की तैयारी हो रही है। राज्य निर्वाचन आयोग ने पहली बार मल्टी पोस्ट इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का उपयोग करने का फैसला किया है। इस नई तकनीक से मतदाता एक ही बूथ पर छह अलग-अलग पदों के लिए एक साथ मतदान कर सकेंगे। इससे पहले पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से होते थे।
मल्टी पोस्ट ईवीएम में एक कंट्रोल यूनिट के साथ छह बैलेट यूनिट जुड़े होंगे। इनके माध्यम से ग्राम पंचायत सदस्य, मुखिया, पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य जैसे छह पदों पर मतदान होगा। मतदाताओं को अलग-अलग कतारों में नहीं लगना पड़ेगा, बल्कि एक ही स्थान पर क्रमिक रूप से सभी पदों के लिए वोट डाल सकेंगे। यह व्यवस्था चुनाव प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के साथ ही मतगणना में सटीकता बढ़ाएगी तथा अमान्य वोटों की समस्या को खत्म करेगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों को निर्देश जारी कर दिए हैं। चुनाव की संभावित तिथि नवंबर-दिसंबर 2026 बताई जा रही है। मशीनें हैदराबाद की इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड से खरीदी गई हैं, जिनमें 32,200 कंट्रोल यूनिट और 1,93,200 बैलेट यूनिट शामिल हैं। आयोग ने जिलों से ईवीएम के सुरक्षित भंडारण के लिए सरकारी भवनों को प्राथमिकता देने और आवश्यकता पड़ने पर 15 वर्षीय पट्टे पर गोदाम सुनिश्चित करने को कहा है। डिफेक्टिव मशीनों की प्रथम स्तर की जांच के बाद अलग व्यवस्था की जाएगी।
