पटना। बिहार में नई ‘सम्राट’ सरकार बनने के बाद दो नए उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए गए हैं। जेडीयू कोटे से बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। चुनावी हलफनामों के अनुसार, बिजेंद्र प्रसाद यादव की कुल संपत्ति 4 करोड़ रुपये से ज्यादा है, जबकि विजय कुमार चौधरी की संपत्ति 3.17 करोड़ रुपये बताई गई है। दोनों नेताओं पर कोई कर्ज नहीं है।
बिजेंद्र प्रसाद यादव सुपौल से विधायक हैं और 1991 से विभिन्न सरकारों में मंत्री रहे हैं। उनके हलफनामे में 1.91 लाख रुपये नकद, बैंक डिपॉजिट में 2.48 करोड़ रुपये (पटना के एसबीआई में 2.27 करोड़ और सुपौल के बैंक ऑफ इंडिया में 21 लाख रुपये), 20 ग्राम सोना (2.35 लाख रुपये) और 120 ग्राम चांदी दर्ज है। उनके पास कोई कार, शेयर या इंश्योरेंस पॉलिसी नहीं है। अचल संपत्ति में 75 लाख रुपये की कृषि भूमि और दो घर (25 लाख तथा 45 लाख रुपये) शामिल हैं।
विजय कुमार चौधरी समस्तीपुर से विधायक हैं और 2005 से लगातार विधानसभा पहुंच रहे हैं। उनके पास 75,000 रुपये नकद, बैंक में 14 लाख रुपये, शेयरों में 12.33 लाख रुपये और म्यूचुअल फंड में 77 लाख रुपये से ज्यादा का निवेश है। उनके पास मारुति अल्टो कार (60,000 रुपये), 10 ग्राम सोना (1 लाख रुपये) और पत्नी के नाम 240 ग्राम सोना (27 लाख रुपये) है। अचल संपत्ति में समस्तीपुर की 55 लाख रुपये की कृषि भूमि, 15 लाख का घर, पत्नी के नाम पटना में 50 लाख का प्लॉट और 45 लाख का फ्लैट शामिल है।
