कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने कुल 144 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से टिकट दिया गया है। भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वर्तमान में विधायक हैं।
2021 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को लगभग 2000 वोटों से हराया था। उस हार के बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से उपचुनाव लड़ा और जीत हासिल की। अब बीजेपी ने शुभेंदु अधिकारी को भवानीपुर से उतारकर ममता बनर्जी को सीधी चुनौती दी है। बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट किया कि शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगे, जहां उन्होंने 2021 में ममता बनर्जी को हराया था, और भवानीपुर से भी, जहां ममता बनर्जी वर्तमान विधायक हैं। उन्होंने इसे कड़ा मुकाबला बताया।
सूची में अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में दिलीप घोष को बोलपुर और खड़गपुर सदर से टिकट मिला है। अग्निमित्र पॉल आसनसोल दक्षिण, स्वपन दासगुप्ता राशबेहारी, दीपक कुमार हलदर डायमंड हार्बर, कृष्णेंदु मुकर्जी आसनसोल उत्तर, बापन घोष कालीगंज, सुकुमार रॉय कूचबिहार उत्तर, शंकर घोष सिलीगुड़ी और निखिल बनर्जी हासन से मैदान में हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं। चुनाव आयोग ने दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल 2026 को मतदान और 4 मई को मतगणना की घोषणा की है। 2021 में तृणमूल कांग्रेस ने 215 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी को 77 सीटें मिली थीं।
