अमेरिका।अमेरिका की नाकाबंदी के बावजूद ‘रिच स्टार्री’ नाम का एक चीनी टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर फारस की खाड़ी से बाहर निकल गया है। शिपिंग डेटा के अनुसार, नाकाबंदी लागू होने के बाद यह पहला ऐसा जहाज है। टैंकर में संयुक्त अरब अमीरात के हमरिया बंदरगाह से लगभग 2.5 लाख बैरल मेथेनॉल लदा था। यह टैंकर और उसकी स्वामित्व वाली कंपनी पहले से ही अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में है।
ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान के इस्लामाबाद में 11 अप्रैल 2026 को हुई वार्ता में ईरान ने पांच साल तक यूरेनियम संवर्धन रोकने का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, अमेरिका 20 साल की अवधि पर अड़ा रहा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। इसके बाद अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकाबंदी शुरू कर दी।
अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट में 15 से अधिक युद्धपोत तैनात किए हैं, जिनमें यूएसएस अब्राहम लिंकन विमानवाहक पोत और 11 डिस्ट्रॉयर शामिल हैं। नाकाबंदी के तहत ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों को रोका जाएगा, जबकि अन्य देशों के जहाजों को गुजरने की अनुमति दी जाएगी। ट्रंप ने चेतावनी दी कि नाकाबंदी के पास आने वाले किसी भी ईरानी जहाज को सख्ती से नष्ट कर दिया जाएगा।
इस बीच, इजराइल और लेबनान के बीच आज शाम 8:30 बजे (भारतीय समय) वाशिंगटन डीसी में बैठक होने वाली है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस बैठक में शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य सैन्य गतिविधियां रोकना, इजराइल की उत्तरी सीमा सुरक्षित करना और लेबनान की संप्रभुता सुनिश्चित करना है। पाकिस्तान ने अमेरिका-ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता की मेजबानी का प्रस्ताव दिया है, जिसकी उम्मीद जताई जा रही है।
