Skip to main content

समाचार मिर्ची

नई दिल्ली करी पत्ता भारतीय रसोई का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। दाल में तड़का, पोहा या ढोकला बनाने में इसका इस्तेमाल होता है। बाजार से बार-बार खरीदने के बजाय इसे घर के किचन गार्डन में उगाना बेहतर माना जाता है। घर का फ्रेश करी पत्ता खाने का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ा देता है। कई बार पौधा सूख जाता है या उसकी ग्रोथ रुक जाती है, लेकिन कुछ आसान तरीकों से इसे हरा-भरा और घना रखा जा सकता है।

पौधा लगाने के दो मुख्य तरीके हैं। एक में पके हुए काले रंग के बीजों को मिट्टी में दबाकर नया पौधा उगाया जाता है, जिसमें समय थोड़ा ज्यादा लगता है। दूसरे तरीके में पुराने पौधे से स्वस्थ डंडी काटकर मिट्टी में लगाई जाती है, जिससे कुछ ही दिनों में नई पत्तियां निकलने लगती हैं। जल्दी बड़ा पौधा चाहिए तो नर्सरी से छोटा पौधा लाकर गमले में लगाया जा सकता है।

सही मिट्टी और गमले का चुनाव जरूरी है। सामान्य मिट्टी में थोड़ी रेत और गोबर की खाद या केंचुआ खाद मिलाएं, ताकि मिट्टी उपजाऊ रहे और पानी न जमा हो। शुरुआत में कम से कम 10 से 12 इंच का बड़ा गमला चुनें और नीचे छेद कर दें, ताकि अतिरिक्त पानी निकल सके। करी पत्ते की जड़ें तेजी से फैलती हैं।

पौधे को दिन में कम से कम 4 से 5 घंटे अच्छी धूप चाहिए। छाया में रखने से पत्तियां पीली होकर गिरने लगती हैं। पानी तभी दें जब गमले की ऊपरी मिट्टी सूखी दिखे। ज्यादा पानी से जड़ें सड़ सकती हैं। गर्मियों में रोज थोड़ा पानी दें, लेकिन सर्दियों में पानी कम डालें। घरेलू खाद के रूप में महीने में एक बार थोड़ी खट्टी छाछ में पानी मिलाकर जड़ में डालें। इससे पत्तियां हरी और चमकदार हो जाती हैं। इस्तेमाल की हुई चाय पत्ती को सुखाकर मिट्टी में मिलाने से नाइट्रोजन मिलता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version