मुंबई। बॉलीवुड की मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ ने बिना किसी बड़े प्रमोशन के 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद शानदार ओपनिंग दी। निर्देशक इंद्र कुमार की इस आइकॉनिक फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म ने पहले दिन 14 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके बाद शनिवार को 22.50 करोड़ और रविवार को 28.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर फिल्म ने वीकेंड में जबरदस्त उछाल दिखाया। रविवार का कलेक्शन फिल्म का अब तक का सबसे बड़ा सिंगल-डे रहा।
वीकेंड के बाद सोमवार को मंडे टेस्ट का सामना करते हुए फिल्म के कलेक्शन में गिरावट आई। चौथे दिन ‘धमाल 4’ ने 8.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि वर्किंग डे के हिसाब से यह आंकड़ा मजबूत माना जा रहा है।
जानकारी देते चले कि, चार दिनों में फिल्म का कुल नेट इंडिया कलेक्शन 73.35 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 87.85 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। फिल्म 100 करोड़ के ग्रॉस क्लब की ओर तेजी से बढ़ रही है।फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा, रवि किशन, अंजलि आनंद, संजीदा शेख, उपेन्द्र लिमये और ईशा गुप्ता प्रमुख भूमिकाओं में हैं। दर्शकों की माउथ पब्लिसिटी और मजबूत स्टारकास्ट ने बिना प्रमोशन के भी थिएटर्स में भीड़ जुटाई।
यहां यह बताना अति आवश्फियक है कि, फिल्म उद्योग के लिए भी ‘धमाल 4’ का प्रदर्शन सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। हाल के समय में दर्शक केवल उन्हीं फिल्मों को पसंद कर रहे हैं जो मनोरंजन के साथ मजबूत कंटेंट या लोकप्रिय फ्रेंचाइजी का हिस्सा हों। ‘धमाल 4’ ने शुरुआती दिनों में यह साबित किया है कि अच्छी स्टारकास्ट, स्थापित ब्रांड वैल्यू और दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया किसी फिल्म की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
फिलहाल सभी की नजरें फिल्म के अगले कुछ दिनों के प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं। यदि मौजूदा गति बरकरार रहती है तो ‘धमाल 4’ जल्द ही 100 करोड़ रुपये के ग्रॉस क्लब में अपनी जगह बना सकती है और वर्ष की सफल हिंदी फिल्मों की सूची में अपना नाम दर्ज कराने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा सकती है। शुरुआती चार दिनों के आंकड़े निश्चित रूप से यह संकेत दे रहे हैं कि यह कॉमेडी फिल्म दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने में सफल रही है और बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार अभी थमने वाली नहीं दिख रही है।
