Skip to main content

समाचार मिर्ची

नई दिल्ली। कांग्रेस ने देशभर में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों बढ़ाए जाने पर शुक्रवार को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने इसे जनता पर बोझ बताया और प्रधानमंत्री को ‘महंगाई-मैन’ करार दिया।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “महंगाई-मैन मोदी ने आज एक बार फिर जनता पर कोड़े बरसाए हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतें 3-3 रुपये बढ़ा दी गई हैं। इसके साथ ही सीएनजी की कीमतें भी 2 रुपये बढ़ा दी गई हैं। चुनाव खत्म- मोदी की वसूली शुरू।”

पार्टी ने इस बढ़ोतरी को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव पूरा होने से जोड़ा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव समाप्त होते ही सरकार ने वसूली शुरू कर दी है।केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पूरे देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 3.25 रुपये प्रति लीटर बढ़ाईं, जबकि सीएनजी के दाम 2 रुपये बढ़ाए गए। नई दिल्ली में पेट्रोल की नई कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल की 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

महंगाई बना बड़ा राजनीतिक मुद्दा

देश में महंगाई लंबे समय से राजनीतिक बहस का बड़ा विषय रही है। विपक्ष लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार को घेरता रहा है। खाद्य पदार्थों, गैस सिलेंडर, बिजली और ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्षी दल समय-समय पर विरोध प्रदर्शन करते रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का असर आने वाले महीनों में खुदरा महंगाई दर पर भी पड़ सकता है। यदि परिवहन लागत बढ़ती है, तो बाजार में वस्तुओं की कीमतें भी ऊपर जा सकती हैं। इससे रिजर्व बैंक और सरकार के लिए महंगाई नियंत्रण चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version