नई दिल्ली। मोदी सरकार ने सोना-चांदी समेत कीमती धातुओं पर आयात शुल्क बढ़ाने का फैसला लिया है। बुधवार को इसकी प्रभावी होने के साथ ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया।
सरकार ने गोल्ड इंपोर्ट ड्यूटी को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है। बेसिक कस्टम ड्यूटी 5 प्रतिशत से 10 प्रतिशत और AIDC 1 प्रतिशत से 5 प्रतिशत हो गई है। इस फैसले के तुरंत बाद MCX पर 5 जून एक्सपायरी वाले 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव मंगलवार के बंद भाव 1,53,442 रुपये से उछलकर 1,64,497 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इस हिसाब से 10 ग्राम सोना करीब 11,055 रुपये महंगा हो गया।
चांदी की कीमतों में भी तीव्र बढ़ोतरी देखी गई। 3 जुलाई एक्सपायरी वाली चांदी मंगलवार को 2,79,062 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। बुधवार को ओपनिंग के साथ यह 3,01,429 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई, यानी एक झटके में 22,367 रुपये की बढ़ोतरी हुई।
यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद आया है। पीएम मोदी ने हाल ही में जनसभा में देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी। इसका उद्देश्य विदेशी मुद्रा की बचत और व्यापार घाटे को नियंत्रित करना बताया गया है।
