लखनऊ।बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर लखनऊ में संगठनात्मक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में ओबीसी समाज के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
यहां हम आपको यह बताते चले कि, मायावती ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिए कि वे जमीनी स्तर पर अभियान तेज करें और बीएसपी की नीतियों, कार्यक्रमों तथा उपलब्धियों को ओबीसी समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। उन्होंने भरोसा जताया कि 2007 की तरह ओबीसी समाज का ऐतिहासिक समर्थन एक बार फिर बीएसपी को मिलेगा।
इस कड़ी में मायावती ने कहा कि ओबीसी समाज का वास्तविक हित, सम्मान और कल्याण बीएसपी में ही सुरक्षित है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न विरोधी दलों की सरकारों को आजमाने के बाद जनता के सामने सच्चाई स्पष्ट हो चुकी है।बीएसपी प्रमुख ने यह भी कहा कि दलित समाज की तरह ओबीसी समाज के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास में पार्टी का योगदान ऐतिहासिक रहा है। पार्टी 22 जून को फैजाबाद में बड़ी रैली आयोजित करने जा रही है, जिसमें संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है।
2007 की सफलता दोहराने का लक्ष्य
बैठक में मायावती ने वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस चुनाव में दलितों और ओबीसी समाज के व्यापक समर्थन के कारण बीएसपी को पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का अवसर मिला था। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ जनता के बीच जाएंगे तो एक बार फिर वैसा ही जनसमर्थन प्राप्त किया जा सकता है।
वही,मायावती ने यह भी कहा कि जनता विभिन्न राजनीतिक दलों की सरकारों को देख चुकी है और अब लोग विकास, सामाजिक न्याय तथा सम्मानजनक भागीदारी जैसे मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बीएसपी ही वह राजनीतिक मंच है जो सभी वर्गों को समान अवसर देने की नीति पर कार्य करता है।
