जेवर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (जेवर एयरपोर्ट) के पहले चरण का उद्घाटन किया। यह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र का दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जो इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद करेगा।
सुबह करीब 11:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया। करीब 12:20 बजे उद्घाटन समारोह हुआ, जिसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। पहले चरण में यह एयरपोर्ट सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को हैंडल करने की क्षमता रखता है। भविष्य में इसे और विस्तारित किया जाएगा।
उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरा विश्व पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण चिंतित है। कई देशों में खाने-पीने की चीजों, पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी हो रही है। उन्होंने बताया कि भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए सरकार ऐसे कदम उठा रही है जिससे आम परिवारों और किसानों पर इस संकट का असर कम से कम पड़े।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासी मिलकर इस चुनौती का सामना कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों से बचना चाहिए। साथ ही उन्होंने जेवर एयरपोर्ट को डबल इंजन सरकार की कार्य संस्कृति का उदाहरण बताया और कहा कि यह क्षेत्र अब दो बड़े फ्रेट कॉरिडोर का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है, जिससे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।
