नई दिल्ली। आज संसद परिसर से लेकर निर्वाचन सदन तक विपक्षी दलों का आंदोलन सुर्खियों में रहा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च निकाला। विपक्ष ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र को हाइजैक किया जा रहा है।
सुबह संसद मार्ग पर विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू किया। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “हम यहां लोकतंत्र बचाने आए हैं, बीजेपी ने वोट चोरी की है।”
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए। संसद मार्ग, विजय चौक और निर्वाचन सदन के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पुलिस ने रोक लिया और कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। इनमें अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ’ब्रायन जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
विपक्ष का कहना है कि चुनाव आयोग ने निष्पक्षता खो दी है और सरकार के दबाव में काम कर रहा है। वहीं, बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताया और कहा कि यह केवल राजनीतिक नाटक है।
दिनभर संसद मार्ग से लेकर निर्वाचन सदन तक माहौल तनावपूर्ण रहा। विपक्ष ने ऐलान किया है कि लोकतंत्र बचाने की लड़ाई जारी रहेगी।
