नई दिल्ली। मौसम की मार और अचानक होने वाली प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को भारी नुकसान पहुंचता है। ऐसे में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच साबित होती है। बारिश, ओलावृष्टि या सूखे की वजह से फसलें बर्बाद होने पर सरकार और बीमा कंपनियां क्लेम का पैसा सीधे किसानों के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करती हैं। अक्सर किसानों को यह पता नहीं रहता कि उनके नुकसान का पैसा खाते में आया है या नहीं या फिर उनका क्लेम किस स्टेज पर अटका है। अब बैंक की लंबी लाइनों में खड़े होने या ब्लॉक ऑफिस के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। स्मार्टफोन की मदद से घर बैठे महज दो मिनट में क्लेम का पूरा हिसाब-किताब चेक किया जा सकता है।
वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन स्टेटस चेक करें
मोबाइल से फसल बीमा का क्लेम स्टेटस चेक करना आसान है। इसके लिए फोन के इंटरनेट ब्राउज़र में फसल बीमा योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmfby.gov.in खोलें। होमपेज पर Application Status का ऑप्शन दिखाई देगा। उस पर क्लिक करें। फिर अपना एप्लीकेशन नंबर या पॉलिसी नंबर दर्ज करें, जो फसल बीमा का फॉर्म भरते समय मिली रसीद पर आसानी से मिल जाता है। नंबर डालने के बाद कैप्चा कोड भरें और Submit बटन पर क्लिक करें। स्क्रीन पर फसल बीमा की पूरी जानकारी आ जाएगी, जिसमें दिख जाएगा कि क्लेम अप्रूव हुआ है या नहीं और अगर पैसा ट्रांसफर कर दिया गया है तो उसकी तारीख और अमाउंट भी शो हो जाएगा।
हेल्पलाइन नंबर से भी पता चल जाएगा
अगर पोर्टल पर स्टेटस चेक करने में दिक्कत आ रही है तो दो और आसान ऑप्शन मौजूद हैं। सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447 जारी किया है। उसी मोबाइल नंबर से कॉल करें जो बीमा करवाते समय रजिस्टर कराया था। कॉल पर मौजूद एग्जीक्यूटिव को अपना पॉलिसी नंबर या आधार नंबर बताकर क्लेम की लेटेस्ट जानकारी तुरंत पाई जा सकती है।
मोबाइल ऐप से भी कर सकते हैं चेक
गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से सरकारी Crop Insurance App डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप इंस्टॉल करने के बाद मोबाइल नंबर से लॉगिन करें। लॉगिन करते ही नाम पर एक्टिव सभी बीमा पॉलिसियां, प्रीमियम की जानकारी और क्लेम ट्रांसफर का स्टेटस स्क्रीन पर आ जाएगा।
चलते चलते बता दें कि, यदि आपने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत आवेदन किया है और फसल नुकसान के बाद क्लेम दर्ज कराया है, तो आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर या मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे कुछ ही मिनटों में अपने आवेदन और भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी जानकारी की पुष्टि के लिए हमेशा योजना के आधिकारिक पोर्टल और अधिकृत माध्यमों का ही उपयोग करें, ताकि सही और अद्यतन जानकारी मिल सके।
