नई दिल्ली।आजकल शहर के फ्लैटों में रहने वाले लोग अपनी छत या बालकनी पर ताजी सब्जियां उगाने का शौक रख रहे हैं। होम गार्डनिंग का यह ट्रेंड सेहत और सुकून दोनों के लिए फायदेमंद है। हालांकि, बिना पूरी जानकारी के शुरुआत करने वाले लोग अक्सर कुछ छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं, जो आगे चलकर पौधों की ग्रोथ को पूरी तरह रोक देती हैं।
जानकारी दे दें कि, गार्डनिंग शुरू करते समय सबसे बड़ी गलती गमले या ग्रो बैग का साइज चुनने में होती है। टमाटर, बैंगन या मिर्च जैसी बड़ी सब्जियां उगाने के लिए कम से कम 12 से 15 इंच का बड़ा गमला जरूरी है। छोटे बर्तनों में जड़ों को फैलने की पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती, जिससे पौधों की विकास रुक जाता है।
दूसरी प्रमुख भूल साधारण मिट्टी का इस्तेमाल करना है। गमलों में सब्जियों के पौधे लगाने के लिए बेहतर पॉटिंग मिक्स तैयार करना चाहिए। सामान्य मिट्टी के साथ कोकोपीट, वर्मीकम्पोस्ट और थोड़ी नीम खली मिलाकर इस्तेमाल करें, ताकि पौधों को पर्याप्त न्यूट्रिएंट्स और हवा मिल सके।
साधारण मिट्टी का उपयोग कर सकते हैं नुकसान
कई नए गार्डनर यह सोचकर केवल बगीचे या खाली जमीन की मिट्टी गमलों में भर देते हैं कि पौधे आसानी से उग जाएंगे। लेकिन कंटेनर गार्डनिंग में साधारण मिट्टी का उपयोग हमेशा प्रभावी नहीं होता।
गमलों में मिट्टी जल्दी सख्त हो जाती है, जिससे जड़ों तक हवा और पानी का सही प्रवाह नहीं पहुंच पाता। इसके कारण पौधों की वृद्धि प्रभावित होती है। इसलिए विशेषज्ञ बेहतर पॉटिंग मिक्स तैयार करने की सलाह देते हैं।
एक अच्छे पॉटिंग मिक्स में सामान्य मिट्टी, कोकोपीट, वर्मीकम्पोस्ट और नीम खली का संतुलित मिश्रण शामिल होना चाहिए। कोकोपीट मिट्टी में नमी बनाए रखने में मदद करता है, वर्मीकम्पोस्ट पौधों को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करता है और नीम खली कीटों से सुरक्षा देने के साथ मिट्टी की गुणवत्ता भी बढ़ाती है।
अंत में चलते चलते बता दें कि, छत या बालकनी में सब्जियां उगाना एक सुखद और उपयोगी अनुभव हो सकता है, लेकिन इसके लिए सही जानकारी और थोड़ी सावधानी जरूरी है। उचित आकार के गमले का चयन, बेहतर पॉटिंग मिक्स का उपयोग, संतुलित सिंचाई, पर्याप्त धूप और नियमित पोषण जैसी बातों का ध्यान रखकर कोई भी व्यक्ति अपने घर में सफल किचन गार्डन तैयार कर सकता है। छोटी-छोटी गलतियों से बचकर सीमित जगह में भी हरी-भरी और स्वस्थ सब्जियों की शानदार फसल प्राप्त की जा सकती है।
