मिर्जापुर। किसानों की आय बढ़ाने और पारंपरिक खेती के साथ बागवानी फसलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने मिर्जापुर जिले के किसानों के लिए स्ट्रॉबेरी की खेती को प्रोत्साहित करने की पहल की है। सरकार इस योजना के तहत किसानों को प्रति हेक्टेयर 90 हजार रुपये तक का अनुदान उपलब्ध करा रही है। इस सहायता का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती के लिए प्रेरित करना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है।
जानकारी देते चले कि, मिर्जापुर जिले में स्ट्रॉबेरी की खेती को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2026-27 में 150 एकड़ में खेती का लक्ष्य रखा गया है। उपनिदेशक उद्यान मेवाराम ने बताया कि किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए योगी सरकार 90 हजार रुपये का अनुदान प्रदान कर रही है। यह फसल कम लागत में अच्छी कमाई देती है और बाजार में इसकी मांग हमेशा बनी रहती है।अनुदान का लाभ लेने के लिए किसानों को खतौनी, आधार कार्ड और बैंक पासबुक के दस्तावेजों की जरूरत होती है। उत्पादन के बाद किसान फसल की तुड़ाई और पैकिंग कर मंडी में बेहतर दामों पर बिक्री कर सकते हैं। मिर्जापुर अब स्ट्रॉबेरी की खेती का हब बनता जा रहा है।
150 एकड़ में खेती का लक्ष्य
उपनिदेशक उद्यान मेवाराम के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मिर्जापुर जिले में स्ट्रॉबेरी की खेती का रकबा बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग ने इस वर्ष 150 एकड़ क्षेत्र में स्ट्रॉबेरी उत्पादन का लक्ष्य तय किया है।
उनका कहना है कि यदि किसान आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक तरीके से खेती करें तो स्ट्रॉबेरी एक अत्यंत लाभकारी फसल साबित हो सकती है। विभाग किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध करा रहा है।
आखिर में बताते चले कि, उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, बागवानी फसलों का क्षेत्रफल बढ़ाना और कृषि में विविधीकरण को प्रोत्साहित करना है। सरकार चाहती है कि किसान केवल पारंपरिक फसलों पर निर्भर न रहें, बल्कि बाजार की मांग के अनुसार उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती भी करें।
