कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपनी कैबिनेट में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। इस बंटवारे में दिलीप घोष को पंचायत व ग्रामीण विकास तथा कृषि विपणन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अग्निमित्रा पाल को नगर विकास और नारी व शिशु कल्याण विभाग दिए गए हैं। अशोक कीर्तनिया को खाद्य विभाग, खुधीराम टुडू को आदिवासी विकास विभाग और निशिथ प्रामाणिक को उत्तर बंगाल विकास विभाग के साथ-साथ खेल व युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी मिली है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की पहली बैठक में कई अहम फैसले भी लिए गए। बैठक में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बिना बाड़ वाले क्षेत्रों में तारबंदी के लिए बीएसएफ को जमीन आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावी वादों के अनुसार यह प्रक्रिया 45 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी। इसके अलावा बैठक में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना को राज्य में लागू करने तथा नए अपराधिक कानूनों को लागू करने का फैसला किया गया।
