समाचार मिर्ची

कोलकातापश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में मतदान प्रक्रिया समाप्त हो गई है। राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान शाम पांच बजे तक चला। अंतिम आंकड़ों के अनुसार, कुल 92.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। लगभग 3.6 करोड़ मतदाताओं के लिए करीब 44 हजार मतदान केंद्र बनाए गए थे।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इस उच्च मतदान प्रतिशत की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में यह अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। सीईसी ने दोनों राज्यों के मतदाताओं की भागीदारी की प्रशंसा करते हुए कहा, “चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के प्रत्येक मतदाता को सलाम करता है।”

मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर ईवीएम खराबी और छोटी घटनाओं की सूचना मिली, जिन पर चुनाव आयोग के पर्यवेक्षकों ने तत्काल कार्रवाई की। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए गए। कुछ जिलों में मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं, जिसमें बुजुर्गों और महिलाओं की खास भागीदारी रही।

इस पहले चरण में दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद समेत कई जिलों में मतदान हुआ। चुनाव आयोग ने मतदाताओं के उत्साह को सराहा और प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने पर जोर दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version