समाचार मिर्ची

जम्मू-कश्मीर 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर 7 मई को तड़के पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था. इसके बाद पाकिस्तान ने लगातार भारतीय सैन्य ठिकानों और आबादी वाले इलाके में ड्रोन तथा मिसाइलों से हमले किए, जिनमें ज्यादातर को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया.

भारत के ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्‍तान की कमर तोड़ दी है. चार दिनों तक चले सैन्‍य ऑपरेशन में भारत ने पाकिस्‍तान को घुटनों पर ला दिया. देश के हर नागरिक ने सरकार के इस सैन्‍य ऑपरेशन को सराहा. विपक्ष ने भी मोदी सरकार का पूरा समर्थन किया. अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पहलगाम आतंकी हमले, ऑपरेशन सिंदूर और युद्ध विराम घोषणा पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र तुरंत बुलाने की मांग की है, ताकि देश की जनता को पता चल सके कि भारतीय सेना ने पाकिस्‍तान की कितनी गहरी चोट दी है.

युद्धविराम पर चर्चा करना बहुत जरूरी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखा, “मैं विपक्ष के सर्वसम्मति से किए गए अनुरोध को दोहराता हूं कि संसद का विशेष सत्र तुरंत बुलाया जाए. लोगों और उनके प्रतिनिधियों के लिए पहलगाम आतंकी हमले, ऑपरेशन सिंदूर और आज के युद्धविराम पर चर्चा करना बहुत जरूरी है, जिसकी घोषणा सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने की थी. यह सत्र आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए हमारे सामूहिक संकल्प को प्रदर्शित करने का अवसर होगा. मुझे विश्वास है कि आप इस मांग पर गंभीरता से और तेजी से विचार करेंगे.”

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version