Skip to main content

समाचार मिर्ची

तेहरान।अमेरिका ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की अत्यंत सख्त और आपातकालीन चेतावनी जारी की है। अमेरिकी वर्चुअल एंबेसी (Virtual US Embassy in Iran) ने स्पष्ट रूप से कहा है कि ईरान में सुरक्षा की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और बढ़ती अशांति, सरकारी पाबंदियां तथा यात्रा में लगातार रुकावटें अमेरिकी नागरिकों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही हैं। एंबेसी ने अमेरिकी नागरिकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें और निकासी का प्लान खुद बनाएं, क्योंकि मौजूदा हालात में अमेरिकी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक मदद उपलब्ध नहीं है।

इस संबंध मे बता दें कि, वर्चुअल एंबेसी की ओर से जारी अलर्ट में कहा गया है, “ईरान में सुरक्षा स्थिति लगातार बिगड़ रही है। देशव्यापी विरोध प्रदर्शन, सख्त सुरक्षा व्यवस्था, सड़कों पर ब्लॉकेज, सार्वजनिक परिवहन का ठप होना, इंटरनेट और मोबाइल-लैंडलाइन सेवाओं का बार-बार बाधित होना तथा कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस द्वारा उड़ानें रद्द या सीमित करना बाहर निकलना बेहद मुश्किल बना रहा है।” एंबेसी ने दोहराया कि अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक संबंध न होने के कारण तेहरान में कोई अमेरिकी दूतावास या कांसुलर कार्यालय नहीं है।

इस चेतावनी का समय बेहद संवेदनशील है, क्योंकि आज ओमान की राजधानी मस्कट में अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दे पर उच्च स्तरीय वार्ता शुरू हो रही है। यह पिछले करीब नौ महीनों में दोनों देशों के बीच पहली औपचारिक बैठक है, जो जून 2025 में हुए सैन्य संघर्ष के बाद से निलंबित थी। वार्ता में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर फोकस रहेगा, जिसमें यूरेनियम संवर्धन की सीमा और निरीक्षण व्यवस्था जैसे मुद्दे शामिल हैं।

चलते चलते बता दें कि, ईरान में जारी अशांति के कारण हजारों लोग सड़कों पर उतरे हैं और सरकारी दमन बढ़ गया है। इंटरनेट और संचार सेवाओं पर प्रतिबंध से स्थिति और जटिल हो गई है। अमेरिकी चेतावनी ऐसे समय में आई है जब कई अमेरिकी नागरिक ईरान में फंसे हुए हैं और निकासी के रास्ते सीमित हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह अलर्ट न केवल सुरक्षा के लिए है, बल्कि अमेरिका-ईरान संबंधों में बढ़ते तनाव का भी संकेत है। ओमान में आज होने वाली वार्ता से दुनिया की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इसका असर पूरे मध्य पूर्व की स्थिरता पर पड़ सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version